बुमराह के बाद हेजलवुड भी बेअसर, सूर्यवंशी का बल्ला बोला
आईपीएल 2026 में शुक्रवार को बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच एक रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच के हीरो वैभव सूर्यवंशी रहे। वैभव ने अपनी धुआंधार पारी के दम पर आरआर को आरसीबी पर बड़ी जीत दिलायी और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता। वैभव ऑरेंज कैप होल्डर भी हो गए हैं। प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार लेते हुए वैभव सूर्यवंशी ने कुछ ऐसे बयान दिए जो दिखाता है कि वह 15 साल की उम्र में ही परिपक्व हो चुके हैं। नपे तुले और सोच समझकर जवाब उन्हें आने वाले समय का बड़ा खिलाड़ी बनाता है।
बिना किसी डर के बल्लेबाजी कैसे?
पुरस्कार समारोह में जब वैभव से पूछा गया कि वह कैसे बिना किसी डर के बल्लेबाजी कर लेते हैं? इस पर वैभव ने जवाब दिया, 'नहीं सर, ऐसा नहीं है। मैं बस वही करने की कोशिश करता हूं जो मैं अभ्यास में करता हूं। कुछ अतिरिक्त करने की कोशिश नहीं करता और अपने नैचुरल गेम पर भरोसा रखता हूं।'
बुमराह और हेजलवुड को कैसे खेला?
इसके बाद प्रेजेंटर ने उनसे पूछा कि वह बुमराह और हेजलवुड के खिलाफ बिना डर के कैसे खेल लेते हैं? इस पर वैभव ने कहा, 'दिमाग में यह जरूर रहता है कि कौन गेंदबाजी कर रहा है, लेकिन मैं गेंद को खेलने की कोशिश कर रहा होता हूं, गेंदबाज को नहीं देखने की कोशिश करता हूं। गेंद जैसी आती है, उसके अनुसार खेलता हूं और अपना गेम खेलता हूं।' वैभव का यह कहना कि वह बल्लेबाजी के दौरान सिर्फ गेंद को देखते हैं, गेंदबाज को नहीं, उनकी मैच्योरिटी को दर्शाता है।
'इधर-उधर देखे बिना खेल पर फोकस रखना'
प्रेंजेटर ने वैभव से यह भी पूछा कि अभी आपको कौन गाइड कर रहा है? इस पर 15 साल के वैभव ने कहा, 'पापा तो हैं ही और मेरे कोच भी हैं। यहां मेरे गार्जियन रोमी सर हैं। ये सभी लोग मुझे कहते रहते हैं कि सफर बहुत लंबा है, यह तो अभी शुरुआत है, इसलिए आपको अपने प्रोसेस और काम पर ध्यान देना है और इधर-उधर देखे बिना खेल पर फोकस रखना है।'
आरआर ने आरसीबी को दी शिकस्त
आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 201 रन बनाए। रजत पाटीदार ने 40 गेंद में 63 रन की पारी खेली। जवाब में राजस्थान ने 18 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। वैभव ने 26 गेंद में आठ चौके और सात छक्कों की मदद से 78 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। वहीं, ध्रुव जुरेल ने 43 में आठ चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 81 रन बनाए। आरआर की टीम फिलहाल अंक तालिका में शीर्ष पर है।

ईरान पर ट्रंप का तीखा बयान, शांति वार्ता से पहले दी सख्त चेतावनी
संसद परिसर में पीएम मोदी और राहुल गांधी की मुलाकात, हाथ मिलाकर हुई लंबी बातचीत