लखनऊ। राजधानी के हजरतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बालू अड्डा के पास स्थित 'अवध ग्रीन अपार्टमेंट' की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर चिकन कारोबारी शिवा की मौत के मामले में पुलिस अभी तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। मृतक की मां रंजना ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि श्रद्धा, उसकी बहन और अन्य साथियों ने पहले उनके बेटे की बेरहमी से पिटाई की और फिर उसे चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बर्बरता और गंभीर चोटों का खुलासा

सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस मामले को और अधिक उलझा दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, मृतक शिवा के शरीर पर जिंदा रहते हुए 10 गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर सदमे (शॉक) के कारण उसकी मौत हुई। शरीर पर पाई गई सभी चोटें एंटी-मॉर्टम (मृत्यु से पहले की) हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी और कठोर वस्तु से उसकी पिटाई की गई थी। इसके अलावा, नीचे गिरने के कारण फर्श से टकराने से शरीर पर रगड़ और घर्षण के निशान भी पाए गए हैं। हालांकि, रिपोर्ट में चोट लगने और मृत्यु के समय के अंतराल को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने रविवार को घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस ने अपार्टमेंट के अन्य फ्लैटों में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, घटना के समय शिवा अर्द्धनग्न अवस्था में था और उसके शरीर पर लिपस्टिक के निशान भी देखे गए थे।

रसूख का धौंस और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप

मृतक की मां रंजना का आरोप है कि मुख्य आरोपी महिला श्रद्धा के संबंध कई बड़े राजनीतिक नेताओं, नौकरशाहों (ब्यूरोक्रेट्स) और खिलाड़ियों के साथ रहे हैं, और सोशल मीडिया पर भी कई प्रतिष्ठित लोगों के साथ उसकी तस्वीरें वायरल हो रही हैं। आरोप है कि श्रद्धा अपने इसी रसूख का खौफ दिखाकर शिवा को लगातार जेल भिजवाने की धमकी देती थी। गौरतलब है कि शिवा पूर्व में विभूतिखंड इलाके में एक कैफे के बाहर गोली चलाने के मामले में जेल जा चुका था, जिसके चलते वह दोबारा कानूनी पचड़े में नहीं फंसना चाहता था। परिजनों का आरोप है कि इसी मजबूरी का फायदा उठाकर आरोपी महिला उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी और ब्लैकमेल कर रही थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।