लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र स्थित बालू अड्डा इलाके में 'अवध ग्रीन अपार्टमेंट' की चौथी मंजिल पर बने एक फ्लैट से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरने से चिकन कारोबारी शिवा शर्मा की रहस्यमय मौत हो गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद मृतक की मां रंजना शर्मा ने बेटे की प्रेमिका श्रद्धा पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। मां का दावा है कि उनके बेटे को एक सोची-समझी साजिश के तहत 'हनी ट्रैप' में फंसाया गया था। परिवार के मुताबिक, करीब एक साल पहले एक कैफे में शिवा और श्रद्धा की मुलाकात हुई थी, जिसके बाद से युवती ने उसे अपने जाल में जकड़ लिया था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि शिवा को अक्सर सिगरेट से जलाया जाता था और उस पर लगातार मानसिक व शारीरिक दबाव बनाया जाता था।

ब्लैकमेलिंग, धमकी और ऊंचे रसूख का खौफ

पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंची मां रंजना ने रोते हुए आरोप लगाया कि श्रद्धा अक्सर उनके बेटे पर अपने रसूख और ऊंचे संपर्कों का रौब झाड़ती थी। यदि शिवा उसके बुलाने पर नहीं जाता था, तो उसे झूठे मामलों में जेल भिजवाने की धमकियां दी जाती थीं। आरोपी युवती शिवा से लगातार मोटी रकम वसूलती थी। पैसे न मिलने पर उसे ब्लैकमेल किया जाता था और उसके साथ मारपीट की जाती थी।

जब मां रंजना किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि उनके बेटे के शव पर केवल अंडरवियर था और उसके शरीर पर मेकअप जैसी चीजें भी की गई थीं ताकि चोटों के निशान छिपाए जा सकें। परिजनों का यह भी कहना है कि घटना के बाद से शिवा का मोबाइल फोन गायब है। परिवार ने पुलिस से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए घटना की सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और बैंक खातों के लेन-देन की गहनता से पड़ताल करने की अपील की है। पीड़ित परिवार मूल रूप से ठाकुरगंज के सराय माले खां का रहने वाला है और वर्तमान में अलीगंज में निवास करता है। कपूरथला चौराहे के पास उनका चिकन के कपड़ों का एक शोरूम भी है।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना और अस्पताल ले जाने का क्रम

पुलिस की शुरुआती छानबीन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से सामने आया है कि शुक्रवार शाम करीब 06:24 बजे शिवा चौथी मंजिल से नीचे गिरते हुए दिखाई दिए। इसके ठीक एक मिनट बाद यानी 06:25 बजे श्रद्धा और उसके कुछ साथी नीचे आते हैं, और 06:26 बजे शिवा को एक गाड़ी में लादकर बैठाया जाता है। इसके बाद 06:29 बजे वे लोग शिवा को लेकर वहां से निकल जाते हैं। आरोपी सबसे पहले उन्हें विभूतिखंड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां काफी देर तक उपचार कराने के बाद उन्हें लोहिया अस्पताल और अंततः केजीएमयू ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रेमिका श्रद्धा की लोकेशन दिल्ली में ट्रेस, पुलिस की टीमें दे रहीं दबिश

पुलिस की तकनीकी जांच में मुख्य आरोपी श्रद्धा की लोकेशन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मिली है। सोशल मीडिया पर उसके बड़ी संख्या में फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी युवती के संबंध काफी प्रभावशाली लोगों से हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले के खुलासे के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मां रंजना ने यह भी बताया कि बीते 7 अक्टूबर को दानिश अलीगंज स्थित घर पहुंचा था और जबरन एसयूवी गाड़ी ले जाने की बात कह रहा था, जिसका शिवा ने कड़ा विरोध किया था, और इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी भी हुई थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा: 'शॉक एंड हेमरेज' से हुई मौत

सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, चिकन कारोबारी शिवा शर्मा की मौत अत्यधिक रक्तस्राव और सदमे (Shock and Hemorrhage) के कारण हुई है। रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरने के कारण उनके सीने की पसलियां, पैर की हड्डियां और जबड़ा बुरी तरह टूट गया था, तथा अत्यधिक आंतरिक चोटों के कारण उनका लिवर और फेफड़े (Lungs) फट गए थे। परिजनों का कहना है कि शिवा अक्सर काम के सिलसिले में बाहर रहता था, इसलिए 7 अक्टूबर को घर से जाने पर उन्होंने ज्यादा रोक-टोक नहीं की। जब वह 8 तारीख तक घर नहीं लौटे और फोन करने पर टालमटोल कर थोड़ी देर में आने की बात कहकर फोन काट देते थे, तब अनहोनी की आशंका गहरी हुई। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।