भोपाल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नर्मदा मिशन परिवार के तत्वावधान में 1 जून से 20 जून 2026 तक 20 दिवसीय "जल गंगा संवर्धन मिशन" का शुभारंभ किया जा रहा है। जल संरक्षण, भूजल संवर्धन, नदी पुनर्जीवन और जनभागीदारी को समर्पित यह अभियान भोपाल की पहचान रहे जलाशयों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
डॉ. क्षमा ढोडपकर फाउंडेशन, हर हेल्थ, रन फॉर हर, सेतु एवं अर्श वेलफेयर के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को नदियों, झीलों और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच प्रकृति संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
अभियान के अंतर्गत 1 जून से 20 जून तक प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 7 बजे तक भोजताल स्थित होटल ताज लेकफ्रंट से वन विहार गेट तक तालाब तट स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान स्वयंसेवक एवं नागरिक मिलकर स्वच्छता, जनजागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
अभियान की आयोजक प्रिया भावे चित्तावार ने बताया कि किसी भी कार्य की सफलता की कुंजी मेहनत और ईश्वर का आशीर्वाद है, उन्होंने कहा कि यह अभियान नर्मदा मिशन एवं परम पूज्य दादागुरु भगवान के मार्गदर्शन और प्रेरणा से संचालित किया जा रहा है। उनका उद्देश्य भोपाल को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देश का अग्रणी शहर बनाना है।
उन्होंने भोपाल महानगर के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं पर्यावरण प्रेमियों से इस जन-अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह करते हुए कहा कि जल और प्रकृति का संरक्षण केवल वर्तमान की आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी है।
अभियान का मूल संदेश है— "प्रकृति की रक्षा करें, भविष्य सुरक्षित करें।"