मंडे टेस्ट में ‘धुरंधर 2’ और ‘भूत बंगला’ का दबदबा, ‘डकैत’ की हालत पतली

बॉक्स ऑफिस पर किसी भी फिल्म की असली परीक्षा सोमवार (मंडे टेस्ट) को होती है। वीकेंड की शानदार कमाई के बाद अक्सर वर्किंग डेज में कलेक्शन में गिरावट देखी जाती है। हालांकि, दर्शकों के बीच जिस फिल्म का क्रेज बरकरार रहता है, वह सोमवार को भी स्थिर बनी रहती है। आइए देखते हैं बीते सोमवार को अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’, रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ और अदिवि शेष की ‘डकैत’ ने कितना कारोबार किया।

‘भूत बंगला’ का चौथा दिन: अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ को रिलीज हुए चार दिन बीत चुके हैं। रविवार को 23 करोड़ की दमदार कमाई करने के बाद सोमवार को फिल्म के कलेक्शन में गिरावट आई और इसने 6.75 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। फिल्म का कुल कलेक्शन अब 64.75 करोड़ रुपये तक पहुँच गया है। फिलहाल यह फिल्म अक्षय की पिछली सुपरहिट फिल्मों जैसा जादुई आंकड़ा छूने के लिए संघर्ष करती दिख रही है।

‘डकैत’ की सुस्त रफ्तार: अदिवि शेष और मृणाल ठाकुर अभिनीत फिल्म ‘डकैत’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाने में विफल साबित हो रही है। रिलीज के 11वें दिन फिल्म की कमाई महज 40 लाख रुपये पर सिमट गई, जबकि रविवार को इसने 1.46 करोड़ का कलेक्शन किया था। 12 दिनों के सफर के बाद फिल्म का कुल कारोबार 32.46 करोड़ रुपये ही हो पाया है।

‘धुरंधर 2’ का ऐतिहासिक सफर जारी: रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर 2’ का जलवा 33वें दिन भी कायम है। सोमवार को इस फिल्म ने 1.62 करोड़ रुपये की कमाई की। रविवार को फिल्म ने 5.20 करोड़ रुपये बटोरे थे। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसका कुल कलेक्शन 1,117.33 करोड़ रुपये हो चुका है। वैश्विक स्तर (वर्ल्डवाइड) पर फिल्म 1,791.42 करोड़ रुपये कमाकर बॉलीवुड की सबसे सफल फिल्मों में शुमार हो गई है। यह 1000 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली पहली हिंदी फिल्म बन चुकी है।