गुरुग्राम में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन प्रोजेक्ट की दीवार गिरी, 7 मजदूरों की मौत
गुरुग्राम/भिवाड़ी: हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार रात बड़ा हादसा हो गया. ग्लोबल सिग्नेचर सोसाइटी में निर्माणाधीन प्रोजेक्ट की दीवार अचानक से गिर गई. हादसे में 7 मजदूरों की मौत हो गई जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. हरियाणा राजस्थान के बॉर्डर इलाके में ये हादसा हुआ है. पास में अस्पताल होने के चलते मृतकों और घायलों को राजस्थान के भिवाड़ी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और मजदूरों को मिट्टी से निकालने के लिए घंटों तक ऑपरेशन चलाया.
गुरुग्राम में दीवार गिरने से 7 मजदूरों की मौत: जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम की ग्लोबल सिग्नेचर सोसाइटी में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम चल रहा था. रात 8 बजे के करीब अचानक से बेसमेंट में मिट्टी की दीवार गिर गई. हादसे में 10 मजदूर दब गए. मौके पर मौजूद दूसरे मजदूरों ने राहत बचाव का काम शुरू किया और हादसे की सूचना पुलिस को दी. एम्बुलेंस की मदद से मृतकों और मरीजों को राजस्थान के भिवाड़ी के सरकारी अस्पताल लाया गया.
'मृतकों की संख्या में हो सकता है इजाफा': भिवाड़ी सरकारी अस्पताल के डॉक्टर सागर अरोड़ा ने बताया कि "भिवाड़ी के नजदीक हरियाणा क्षेत्र में कापड़ियावास स्थित सिगनेचर ग्लोबल बिल्डर सोसाइटी में मिट्टी खुदाई के दौरान मिट्टी में दबने से 7 श्रमिकों की मौत हुई है. 7 श्रमिकों के शव भिवाड़ी के सरकारी अस्पताल में पहुंचे हैं. जिनको मृत घोषित कर दिया गया है. मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है. मामले की सूचना राजस्थान पुलिस के अलावा हरियाणा पुलिस को भी दी गई है. मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच रहे हैं."
मजदूरों के परिजनों में रोष: मजदूरों के परिजनों का कहना है कि घटनास्थल पर बड़ी संख्या में श्रमिकों के परिजन पहुंच रहे हैं, लेकिन अभी तक प्रशासन की तरफ से पूरे मामले पर लापरवाही बरती जा रही है. श्रमिकों के परिजनों को साइट पर अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है. मृतक श्रमिकों के परिजन गुस्से में हैं और अपना विरोध भी दर्ज करवा रहे हैं.
पुलिस मामले की जांच में जुटी: भिवाड़ी के एडिशनल एसपी अतुल साहू ने बताया कि मरने वालों में परमेश्वर उम्र 52 साल, भरतपुर के सतीश उम्र 35 साल, भागीरथ उम्र 50 साल, मंगल उम्र 32 साल, शामिल हैं. जबकि तीन लोगों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस ने मामले की सूचना हरियाणा पुलिस को दी है. साथ ही मृतकों के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई है.

थकान होगी छूमंतर: ऑफिस से लौटकर 20 मिनट अपनाएं यह तरीका, शरीर में आएगी ताजगी।
धूप में चक्कर आए तो न हों परेशान: ये 5 आसान तरीके आपको तुरंत देंगे राहत।
श्रीनगर में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, ‘लेडी मददगार’ समेत 4 गिरफ्तार
स्टार्क की वापसी: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मिली हरी झंडी, अब दिल्ली कैपिटल्स के लिए मचाएंगे धमाल
भुजिया किंग शिवरतन अग्रवाल का निधन, बीकानेर में शोक की लहर
उत्तराखंड पहुंचे उपराष्ट्रपति, एम्स ऋषिकेश के दीक्षांत समारोह में करेंगे शिरकत